सर्वे में ये भी कहा गया है कि देश की सांस्कृतिक परंपराएं भी महिलाओं पर असर डालती हैं। इसके चलते उन्हें एसिड अटैक, गर्भ में बच्ची की हत्या, बाल विवाह और शारीरिक शोषण का सामना करना पड़ता है। सात साल पहले इसी सर्वे में भारत महिलाओं के मामले में दुनिया में चौथे नंबर का सबसे खतरनाक देश था।
ग्रामीण महिलाओं की स्थिति चिंताजनक: रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में महिलाओं को तस्करी से सबसे ज्यादा खतरा है। महिलाओं को भारत में अभी भी यौन शोषण की चीज माना जाता है। भारत में 2016 में मानव तस्करी के 15 हजार मामले दर्ज किए गए जिनमें से दो तिहाई महिलाओं से जुड़े थे। इनमें से आधी महिलाओं की उम्र 18 साल से कम थी। ज्यादातर महिलाओं को जिस्मफरोशी या घर में काम करने के लिए बेचा गया था। भारत की तस्करी विरोधी संस्था रेस्क्यू फाउंडेशन की त्रिवेणी आचार्य कहती हैं, "तस्करी एक वैश्विक मुद्दा है लेकिन मैंने जितनी भी पीड़िता देखी हैं, उनमें दक्षिण-पूर्व भारत खासकर भारत की सबसे ज्यादा विक्टिम हैं। लड़कियों को अभी भी उनके माता-पिता बोझ और लड़कों से कमतर मानते हैं। ग्रामीण लड़कियों को बड़े शहरों में नौकरी दिलाने या शादी कराने के नाम पर ले जाया जाता है।'
Source:- https://www.bhaskar.com/indian-national-news-in-hindi/news/survey-says-india-is-the-most-dangerous-country-in-the-world-to-be-a-woman-5903397.html?ref=ht